न्यूज मोहल्ला/भोपाल। वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, प्रबंधन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा “उम्मीद सेंट्रल पोर्टल” पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए एक क्षेत्रीय समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन भोपाल में किया गया।
यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड की मेजबानी में 26 सितंबर 2025 को आयोजित हुआ, जिसमें राजस्थान वक्फ बोर्ड और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

कार्यशाला का उद्घाटन म.प्र. राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम में भारत सरकार, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के उपसचिव श्री समीर सिन्हा और अवर सचिव श्री विशाल कुमार विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राज्य सरकार की ओर से पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के आयुक्त श्री सौरभ कुमार सुमन ने भी भाग लिया।



उम्मीद एक्ट 2025 और नया सेंट्रल पोर्टल

अपने स्वागत भाषण में डॉ. सनवर पटेल ने बताया कि “वक्फ संशोधित अधिनियम, 2025 (उम्मीद एक्ट 2025)” 8 अप्रैल 2025 से लागू हो चुका है।

इसके अंतर्गत भारत सरकार द्वारा एकीकृत “उम्मीद सेंट्रल पोर्टल” लॉन्च किया गया है, जिससे देशभर के वक्फ बोर्डों को अपनी संपत्तियों का पूरा डेटा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने की सुविधा मिली है।

इस पोर्टल के माध्यम से वक्फ संपत्तियों का डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और सुदृढ़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
भारत सरकार ने इस पोर्टल के लिए “उम्मीद रूल्स 2025” की अधिसूचना भी जारी कर दी है।


मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड की बड़ी उपलब्धि

आई.आई.टी. दिल्ली द्वारा की गई समीक्षा रिपोर्ट में मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड को

पिलर-1 (Institutional Governance)

पिलर-2 (Waqf Property & Data Management)
में टॉप परफॉर्मर घोषित किया गया है।


भारत सरकार के अधिकारियों ने भी मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के आईटी क्षेत्र में नवाचार,
रिकॉर्ड कम्प्यूटरीकरण और पारदर्शी प्रबंधन प्रणाली की सराहना की।


कार्यशाला में हुई प्रस्तुतियाँ और चर्चा

कार्यशाला के दौरान

मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्डों के प्रतिनिधियों ने पावर प्रेजेंटेशन दिए।

उम्मीद पोर्टल पर डेटा अपलोडिंग,

तकनीकी चुनौतियों,

आईआईटी दिल्ली की सिफारिशों और

वक्फ संपत्तियों के सत्यापन पर चर्चा हुई।

भारत सरकार के आईटी विशेषज्ञों ने पोर्टल पर डेटा अपलोड करने की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी और
अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए।

सराहना और सुझाव

भारत सरकार के अधिकारियों ने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि
राज्य ने वक्फ प्रबंधन के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में मिसाल पेश की है।
साथ ही, कार्यशाला में प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए पोर्टल को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया गया।


वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा पर जोर

अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि
“राज्य सरकार के सहयोग से वक्फ बोर्ड लगातार नवाचार कर रहा है।
वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और भू-माफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।”