मुंबई में 34 बम धमाकों की धमकी, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार
मुंबई जैसे महानगर को दहलाने वाली एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए मुंबई पुलिस ने नोएडा से अश्विन कुमार सुप्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश भेजा था, जिसमें दावा किया गया था कि शहर में 34 जगहों पर बम धमाके होंगे।
धमकी का खौफनाक दावा
संदेश में कहा गया था कि –
14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं।
400 किलो RDX शहर में फैला दिया गया है।
मुंबई की सड़कों पर चल रहे 34 वाहनों में मानव बम लगाए गए हैं।
आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ इन हमलों की जिम्मेदारी लेगा।
इस संदेश ने पूरे मुंबई शहर में सनसनी फैला दी। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया। संदिग्ध वाहनों की तलाशी शुरू हुई और गणेश विसर्जन को देखते हुए सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और नोएडा के सेक्टर-113 से अश्विन कुमार को हिरासत में लिया। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।
उसके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और डिजिटल डिवाइस बरामद हुए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
असली वजह – बदले की भावना
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह धमकी कोई आतंकी साजिश नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा थी।
दरअसल, अश्विन कुमार का 2023 में फिरोज़ नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था। फिरोज़ ने उस पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था, जिसके चलते अश्विन को जेल जाना पड़ा।
इससे बदला लेने के लिए अश्विन ने मुंबई को बम धमाकों से उड़ाने की झूठी धमकी दी और योजना बनाई कि पुलिस इस फर्जी मामले में फिरोज़ को फंसा दे। लेकिन चालाकी उलटी पड़ी और अब खुद अश्विन को दोबारा जेल की हवा खानी पड़ रही है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी
मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से यह मामला सुलझ गया, वरना इस तरह का संदेश शहर में दहशत और अफरातफरी फैलाने के लिए काफी था।
गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर लाखों श्रद्धालु सड़कों पर थे, ऐसे समय में पुलिस की सतर्कता और सक्रियता काबिल-ए-तारीफ़ है।
फैजुद्दीन खान, प्रधान संपादक – न्यूज़ मोहल्ला