भोपाल। मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के तत्वावधान में राजधानी भोपाल के हमीद मंज़िल शादी हाल में रविवार को एक ऐतिहासिक और समाज सुधारक कार्यक्रम आयोजित किया गया - “बिना दहेज के शरई परिचय सम्मेलन”।
इस सम्मेलन का उद्देश्य उन मुस्लिम युवक-युवतियों को एक मंच देना था, जो शरीयत के मुताबिक़ और बिना दहेज के निकाह करना चाहते हैं।
इस आयोजन में न सिर्फ़ मध्य प्रदेश बल्कि दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से भी परिवारों ने भाग लिया। कुल 275 आवेदन फार्म परिषद को प्राप्त हुए, जिनमें से 36 परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ते तय किए।
कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला।
शहर क़ाज़ी ने कहा - “दहेज से परहेज़, सुन्नत की पैरवी करें”
कार्यक्रम में भोपाल शहर क़ाज़ी हज़रत सैय्यद मुश्ताक़ अली नदवी साहब ने खिताब करते हुए कहा -
“अगर मुस्लिम समाज अपने घरों में सुकून चाहता है तो उसे अपने बच्चों की शादियाँ शरीयत के मुताबिक़ और बिना दहेज के करनी चाहिए। अल्लाह और उसके रसूल ﷺ का हुक्म है कि शादी को आसान बनाया जाए। दहेज जैसी लानत समाज में फसाद का कारण बन रही है।”
वहीं, मुफ्ती वसीम साहब ने कहा कि आज लोग शादी को दिखावे और शैतानी रस्मों में उलझा चुके हैं। उन्होंने तर्ज़ दी कि मुसलमानों को अपनी खुशियों में अल्लाह और रसूल ﷺ के हुक्मों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रदेश में पहला शरई परिचय सम्मेलन
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद माहिर ने बताया कि यह सम्मेलन प्रदेश में अपनी तरह का पहला शरई परिचय सम्मेलन है। उन्होंने कहा -
“हम पूरे प्रदेश में दहेज प्रथा के खिलाफ़ अभियान चला रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बिना दहेज के निकाह करने के इच्छुक लड़कों की संख्या लड़कियों से अधिक है - जो समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है।”
कार्यक्रम के संयोजक सैय्यद अशरफ़ अली एडवोकेट ने बताया कि परिषद जल्द ही मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के परिचय सम्मेलन आयोजित करेगी, ताकि इस मुहिम को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सके।
सम्मेलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले
कार्यक्रम की सफलता में कई जिम्मेदार पदाधिकारियों और वालंटियर्स का योगदान रहा - शावेज़ सिकंदर (कोऑर्डिनेटर), सैय्यद फैज़ अली (इवेंट इंचार्ज), औरंगज़ेब आज़म (कंप्यूटर इंचार्ज), जुनेद मोहम्मद (ऑपरेटर), आर.जे. मोहम्मद शारिक (एंकर), शमीम हयात (हाल इंचार्ज), मोइनुद्दीन (डाइस इंचार्ज), शहाब सलीम व शकीलुर्रहमान चांद (डेस्क इंचार्ज), अल्तमश और समीर मोहम्मद एडवोकेट (रजिस्ट्रेशन इंचार्ज), नासिर ख़ान (ट्रांसपोर्टिंग), हाजी विकार अंसारी, मोहम्मद नसीम, रमज़ान भारती, बासौदा नगर क़ाज़ी इक़्तेदार बारी, शाहिद मंसूरी, और श्रीमती शबाना अरशद सहित अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो, भोपाल
संपर्क:9301363785/7999357775 email- newsmohalla.india@gmail.com
www.newsmohalla.co.in