न्यूज मोहल्ला भोपाल। राजधानी के हबीबगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार थार (गाड़ी नंबर MP 04 ZL 8002) चला रही महिला ने सामने चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 35 वर्षीय वजाहतुल्लाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिक्शे में सवार एक यात्री घायल हो गया।

CCTV फुटेज


हादसे का सिलसिला

पुलिस के मुताबिक, मृतक वजाहतुल्लाह (35) निवासी आरिफ नगर, ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वे शिवाजी नगर से एक यात्री को लेकर बिटलन मार्केट की ओर जा रहे थे। तभी बिटलन मार्केट ग्राउंड के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार (MP 04 ZL 8002) ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
थार


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और वजाहतुल्लाह के सिर में गंभीर चोट आई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा यात्री भी घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

महिला चालक पर आरोप

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि थार गाड़ी चला रही महिला का नाम निकिता शुक्ला उर्फ निया है। देखने वालों का कहना है कि महिला नशे में नजर आ रही थी और उसने हादसे से पहले भी एक-दो गाड़ियों को टक्कर मारी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही हबीबगंज पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला चालक को पांच नंबर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

परिजनों में मातम

वजाहतुल्लाह की मौत से उनके परिवार और इलाके में गहरा मातम पसरा हुआ है। एक कमाऊ सदस्य के यूं असमय चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।