भोपाल, 7 अगस्त | न्यूज मोहल्ला ब्यूरो
शहर के कमला पार्क इलाके में आज शाम करीब 8:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक राहगीर सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उसे ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राहगीर वहीं सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद वह काफी देर तक तड़पता रहा और खून लगातार बहता रहा।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, पकड़ा गया बाइक सवार,
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बाइक सवार को पकड़ लिया। उसकी पहचान और जिम्मेदारी तय करने की कोशिशें शुरू की गईं। वहीं घायल की हालत को देखते हुए तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया गया।
एम्बुलेंस नहीं पहुंची समय पर,
गोताखोर ने बचाई जान
घटना स्थल पर मौजूद गोताखोर आसिफ़ खान ने इस मुश्किल घड़ी में मानवता की मिसाल पेश की। जब देखा कि 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच रही, तो उन्होंने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए आसपास मौजूद बैटरी वाले एक ऑटो को रुकवाया और घायल को लेकर तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचे। उनकी इस तत्परता और संवेदनशीलता की वजह से घायल व्यक्ति की जान समय पर इलाज मिलने से बच सकी।
प्रशंसा का पात्र बना मानवीय चेहरा
गोताखोर आसिफ़ खान की यह पहल लोगों के लिए एक प्रेरणा बन गई है। जहां अक्सर लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहते हैं, वहां आसिफ़ खान ने फुर्ती और इंसानियत का परिचय देते हुए एक जिंदगी बचा ली।
न्यूज़ मोहल्ला की अपील:
हम प्रशासन से अपील करते हैं कि 108 एम्बुलेंस सेवा को और अधिक संवेदनशील और समयबद्ध बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों में और जानें न जाएं।