रायसेन जिले के गोहरगंज में 6 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सलमान आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। सात दिन से फरार चल रहे इस आरोपी को भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा में गोहरगंज लेकर जा रही है।
जंगल के रास्ते भोपाल पहुंचा आरोपी
पुलिस पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह वारदात के बाद जंगल के रास्ते पैदल भोपाल पहुंचा था। वहीं, गांधीनगर इलाके में सक्रिय पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी की तुरंत जानकारी गोहरगंज पुलिस को
गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की और तुरंत उसे गोहरगंज पुलिस के हवाले कर दिया। टीम आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रवाना हो चुकी है। इस गिरफ्तारी में निम्न युवकों ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया: अब्दुल रिजवान खान, शेख सलमान खान, सजिद बड़े, सलीम अंसारी, माजिद छोटे, आसिफ बल्लू, शाहबाज़ खान।
यह था मामला – चॉकलेट के बहाने जंगल ले गया
21 नवंबर की शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान 23 वर्षीय सलमान उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल की ओर ले गया, जहाँ उसने दरिंदगी की और फरार हो गया। बच्ची रोती-बिलखती जंगल में मिली और गंभीर हालत में भोपाल अस्पताल में भर्ती कराई गई, जहाँ अब उसकी स्थिति में सुधार है।
30 हजार का इनाम था घोषित
सलमान पिछले 7 दिनों से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹30,000 का इनाम घोषित किया गया था। लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली।
इलाके में तनाव कम, पुलिस सतर्क
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव था और कई जगह प्रदर्शन हुए। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर के बाद माहौल में कुछ शांति आई है, लेकिन पुलिस एहतियातन सतर्कता बनाए हुए है।