भोपाल | 29 अक्टूबर 2025
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर अपनी सहेली के घर चोरी करने के आरोप लगे हैं।
यह मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि डीएसपी कल्पना रघुवंशी उनके घर आईं और दो लाख रुपए नकद तथा एक मोबाइल फोन लेकर चली गईं।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर नहाने गई थी। इसी दौरान डीएसपी घर में आईं और बैग में रखे 2 लाख रुपए और मोबाइल फोन ले गईं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को CCTV फुटेज भी सौंपा है, जिसमें आरोपी डीएसपी के आने-जाने की गतिविधि दर्ज होने का दावा किया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है, लेकिन नकदी अभी तक नहीं मिली है।
फिलहाल आरोपी डीएसपी फरार बताई जा रही हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।