नोएडा में फर्जी ‘इंटरनेशनल पुलिस ब्यूरो’ का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो खुद को ‘इंटरनेशनल पुलिस एंड क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो’ के नाम से पेश कर लोगों को ठग रहा था। यह फर्जी पुलिस कार्यालय सेक्टर 70 के एक किराए के मकान में संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, पहचान पत्र, पासबुक, चेकबुक और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों ने एक नकली वेबसाइट भी बनाई थी, जिसके जरिए वे डोनेशन के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठते थे।
गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग इंटरपोल, IHRC, यूरेशिया पोल जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों से जुड़े होने का दावा करता था। आरोपियों के पास से नकली मोहरें, सील, स्टाम्प, लेटरहेड, मोबाइल फोन, नकद ₹42,300 और कई अन्य सबूत बरामद हुए हैं।
नोएडा पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की ठगी का जाल कई राज्यों तक फैला हो सकता है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor-in-Chief: फ़ैज़ुद्दीन ख़ान