न्यूज मोहल्ला/ इंदौर। तालाब में डूबकर मरे गैंगस्टर सलमान लाला को सोशल मीडिया पर हीरो बनाने की कोशिश अब भारी पड़ गई है। इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ऐसे 61 सोशल मीडिया अकाउंट धारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिन्होंने लाला के समर्थन में पोस्ट और वीडियो बनाकर शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।

29 अगस्त की रात को सलमान लाला नोहीर, जो इंदौर-भोपाल रोड पर दर्जनों आपराधिक मामलों में वांछित था, पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूद गया था और डूबने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने उसे “हीरो” और “सेलिब्रिटी” की तरह पेश करना शुरू कर दिया। रील और पोस्ट्स में "लाला-लाला" के नारे चलने लगे। इंदौर में उसके जनाज़े के दौरान भीड़ जुटने के वीडियो भी वायरल हुए।

क्राइम ब्रांच ने जांच में पाया कि ये पोस्ट न केवल गैंगस्टर को महिमामंडित कर रहे थे, बल्कि शहर में तनाव का माहौल बनाने की भी कोशिश थी। इसके चलते ऐसे 61 अकाउंट धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 70 से ज्यादा आईडी चिन्हित कर उन्हें ब्लॉक कराया है।

एडिशनल क्राइम राजेश डांडोटिया ने बताया कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और भविष्य में अपराधियों को हीरो बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।