कुशीनगर (उत्तर प्रदेश)।
महावीरी डोल मेले की खुशियों के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। कुशीनगर जिले के तमकुहीराज कस्बे में आयोजित झांकी के दौरान भगवान शिव का किरदार निभा रहे एक युवक की अचानक मंच पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रामबहल (25 वर्ष), निवासी बेलवा गांव, थाना कसया भगवान शंकर का रूप धारण कर मंच पर प्रस्तुति दे रहा था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग तुरंत उसे सीएचसी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या था मौत का कारण?
घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
कुछ लोग इसे साइलेंट हार्ट अटैक बता रहे हैं।
वहीं कुछ का कहना है कि मंच पर बिजली की व्यवस्था के चलते युवक को करंट लगा होगा।
हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक शव पर करंट लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। अंतिम कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा।
मेले की रौनक पर छाया मातम
महावीरी डोल मेला हर साल बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन इस बार मंच पर हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। जहां लोग धार्मिक उत्साह में डूबे थे, वहीं अचानक उठे इस हादसे ने मेले की रौनक को गम में बदल दिया।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंचे और सभी की आंखों में आंसू छलक पड़े। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
न्यूज़ मोहल्ला की अपील:
ऐसे आयोजनों में बिजली और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जाना चाहिए, ताकि आगे किसी मासूम की जान इस तरह न जाए।