गोरखपुर में मॉब लिंचिंग! ग्रामीणों की पिटाई से मुस्ताक अहमद की मौत, वीडियो वायरल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक और मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गो निवासी 55 वर्षीय मुस्ताक अहमद का शव शनिवार सुबह ठठौली गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ ग्रामीण मुस्ताक अहमद को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इसी पिटाई के बाद उनकी मौत हुई।
चोरी के शक में की गई पिटाई
पुलिस के मुताबिक, मुस्ताक पर चोरी का शक जताया गया था। इसी शक के आधार पर ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पिटाई की। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। मृतक की बाइक भी पुलिस ने पास के गांव देवकली से बरामद की है।
पुलिस की कार्रवाई
गगहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सवाल अब भी बाकी…
हालांकि, यह घटना एक बार फिर कई सवाल खड़े करती है। पिछले कुछ वर्षों में मुस्लिम समुदाय के युवाओं और बुजुर्गों पर होने वाली मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर न तो बड़े पैमाने पर मीडिया कवरेज हो रहा है और न ही ठोस नीतिगत पहल दिखाई देती है। सवाल उठता है कि आखिरकार मॉब लिंचिंग की विभीषिका को हम कब तक सामान्य अपराध मानते रहेंगे?