न्यूज मोहल्ला/अयोध्या
राम मंदिर के पास हनुमानगढ़ी क्षेत्र में नगर निगम अयोध्या के प्रवर्तन दल का एक वीडियो सामने आया है जिसने पूरे प्रदेश में आक्रोश फैला दिया है। वीडियो में निगम अधिकारी लगभग आधा दर्जन ठेला और पटरी दुकानदारों को पार्क की दीवार से पैर ऊपर, सिर नीचे खड़ा करवाते दिख रहे हैं।
ये सभी गरीब ठेलेवाले और पुजासामग्री बेचने वाले स्थानीय मजदूर बताए जा रहे हैं, जो रोज़ाना मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि “घटना की जांच कराई जा रही है, दोषियों पर कार्रवाई होगी।”
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर इसे गरीबों के साथ सरकारी अत्याचार बताया जा रहा है। कई लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या रोज़ी-रोटी कमाना अब अपराध बन गया है?
अयोध्या जैसे धार्मिक नगर में इस तरह का बर्ताव न केवल प्रशासन की संवेदनहीनता दिखाता है, बल्कि “सबका साथ, सबका विकास” के नारे पर भी सवाल खड़े करता है।