लखीमपुर खीरी। जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता अपने नवजात शिशु का शव झोले में रखकर डीएम कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की मांग की। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
पिता का आरोप है कि शहर के प्राइवेट गोलदार हॉस्पिटल ने समय पर इलाज नहीं किया और डॉक्टरों ने पैसों की मांग कर मरीज को बाहर कर दिया। इलाज में हुई देरी और लापरवाही के चलते मासूम की मौत हो गई।
डीएम कार्यालय पहुंचे पिता की गुहार सुनकर अफसरों के होश उड़ गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल का रजिस्ट्रेशन पहले से ही नवीनीकृत नहीं था और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोग अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।