अलवर (राजस्थान) से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को छुपाने के लिए नीले ड्रम में भरकर छत पर रख दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी जितेन्द्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मेरठ के चर्चित "नीला ड्रम कांड" की याद दिलाती है।
अलवर (राजस्थान)।
अलवर जिले से एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को छुपाने के लिए नीले प्लास्टिक ड्रम में बंद कर छत पर रख दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हंसराम उर्फ सूरज के रूप में हुई है। शव को ड्रम में डालने के बाद उस पर नमक डाला गया ताकि बदबू न फैले और शरीर जल्दी गल जाए। ढक्कन पर भारी पत्थर भी रखा गया था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक की पत्नी ने छत से उठ रही दुर्गंध को महसूस किया और इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रम को खोला तो अंदर से शव बरामद हुआ।
रील्स की दीवानी पत्नी निकली आरोपी
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी (उर्फ सुनीता) सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की शौकीन थी। बताया जा रहा है कि पति उसे रील्स बनाने से रोकता था, इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाक़ात इंस्टाग्राम पर जितेन्द्र शर्मा नाम के युवक से हुई, जो उसकी रील्स पर अच्छे कमेंट करता था। दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और बाद में जितेंद्र पति के साथ ही मज़दूरी करने भी लगा।
पुलिस का कहना है कि लक्ष्मी और उसके प्रेमी ने मिलकर हंसराम की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद शव को नीले ड्रम में भरकर छिपा दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मृतका के सोशल मीडिया अकाउंट्स और वीडियो को भी खंगाल रही है ताकि मामले की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
यह वारदात मेरठ के चर्चित “नीला ड्रम कांड” से मिलती-जुलती है और पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
---
✍️ लेखक: चीफ इन एडिटर फैजुद्दीन खान
न्यूज़ मोहल्ला