उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार देर रात ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उन्हेल थाना प्रभारी उप निरीक्षक अशोक शर्मा समेत तीन पुलिसकर्मी कार से लौट रहे थे। रास्ते में शिप्रा नदी पर बने बड़े पुल से कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में थाना प्रभारी अशोक शर्मा की मौत हो गई, जबकि उप निरीक्षक मदनलाल निमामा और महिला आरक्षक आरती पाल अब भी लापता हैं।
12 किलोमीटर दूर मिला SHO का शव
रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद अशोक शर्मा का शव हादसे वाली जगह से करीब 12 किलोमीटर दूर बरामद किया। शव मिलने के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
20 घंटे से जारी रेस्क्यू, ड्रोन और बोट की मदद
कार में सवार SI मदनलाल निमामा और महिला आरक्षक आरती पाल की तलाश अब भी जारी है। SDRF और NDRF की टीमें गोताखोरों, ड्रोन कैमरों और नावों की मदद से लगातार खोज अभियान चला रही हैं। हादसे के 20 घंटे बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पूरे पुलिस महकमे में शोक
मध्यप्रदेश पुलिस विभाग ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस मुख्यालय से जारी बयान में कहा गया कि अशोक शर्मा कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी थे, उनकी सेवाएँ सदैव स्मरणीय रहेंगी।
हादसे की जांच जारी
सूत्रों के अनुसार, देर रात कार किसी केस की जांच से लौटते वक्त नदी के बड़े पुल पर अनियंत्रित हो गई और सीधे शिप्रा में जा गिरी। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
फैजुद्दीन खान
प्रधान संपादक, न्यूज़ मोहल्ला