भोपाल | न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो
खेल जगत में भोपाल के लिए गर्व का क्षण आया है। नॉबल एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र सैय्यद मैराज़ुद्दीन का चयन मध्यप्रदेश अंडर-14 हॉकी टीम में किया गया है। मैराज़ अब राज्य की टीम से बाहर जाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
सैय्यद मैराज़ुद्दीन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। वे लंबे समय से हॉकी में सक्रिय हैं और स्कूल स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके चयन से स्कूल, अभिभावक और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
उनकी इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन द्वारा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल की प्राचार्या सैय्यदा फ़रहा अली ख़ान, डायरेक्टर मोहम्मद जुबैर ख़ान, स्कूल कैप्टन और सेक्रेटरी ने मिलकर मैराज़ुद्दीन को सम्मानित किया। इस दौरान प्राचार्या ने कहा कि “मैराज़ुद्दीन जैसे विद्यार्थी हमारे स्कूल का गौरव हैं। हमें गर्व है कि उन्होंने खेल के क्षेत्र में भी नॉबल एकेडमी का नाम ऊँचा किया है।”
स्कूल डायरेक्टर मोहम्मद जुबैर ख़ान ने भी मैराज़ुद्दीन को बधाई देते हुए कहा कि “यह तो शुरुआत है, हमें उम्मीद है कि भविष्य में मैराज़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।”
सैय्यद मैराज़ुद्दीन के चयन से पूरे नॉबल एकेडमी परिवार में उत्साह है, और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
(न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो | भोपाल)