न्यूज मोहल्ला/भोपाल। थाना कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात हुई हवाई फायरिंग की वारदात के मुख्य आरोपी फैजान अली खान उर्फ़ मछली (32) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टानुमा पिस्टल भी बरामद की गई है।

घटना का विवरण

23 सितंबर 2025 की रात करीब 1:15 बजे फरियादी दानिश बेग अपने भाई सारिक बेग और दोस्त फरहान के साथ घर के बाहर बैठे थे। तभी फैजान मछली अपने दो साथियों के साथ एक्टिवा पर आया और पैसों के लेन-देन को लेकर गाली-गलौज करने लगा। दरअसल, सारिक बेग ने करीब 4–5 महीने पहले आरोपी को ₹1.50 लाख उधार दिए थे।

विवाद बढ़ने पर फैजान ने कमर से पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली चलने से मोहल्ले में दहशत फैल गई। घबराकर भागते समय दानिश और सारिक दोनों को चोटें आईं। फरियाद पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र के निर्देश पर एसीपी, डीसीपी और थाना तलैया-कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 24 सितंबर को आरोपी फैजान अली खान उर्फ़ मछली को उसके ठिकाने से दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ धारा 296, 125(A), 351(2), 3(5) BNS और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी फैजान अली खान का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर तलैया, ऐशबाग, निशातपुरा, कोहेफिजा और इंदौर के लसुडिया थानों में मारपीट, गाली-गलौज, हथियारों की धमकी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हो चुके हैं। अब तक उसके खिलाफ 10 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

गिरफ्तारी में योगदान

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली के निरीक्षक काशीराम कुशवाहा, निरीक्षक दीपक डेहरिया, उपनिरीक्षक गणेशलाल रावसे, दयाशंकर पाण्डेय, सउनि. वासुदेव परते और आरक्षक पुष्पेंद्र प्रजापति, विजय डावर, नसीम खान, पवन तिवारी, अतुल रैकवार एवं धर्मेंद्र रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

रिजवान अहमद 
की रिपोर्ट