भोपाल | न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो

आगामी त्योहारों के मद्देनज़र शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (जोन-1) श्री आशुतोष गुप्ता द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को शाम के समय बाजारों में पैदल भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को थाना प्रभारी जहांगीराबाद ने समस्त बल के साथ क्षेत्र के मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान पुलिस उपायुक्त (जोन-1) श्री आशुतोष गुप्ता स्वयं इकतारा चौराहा पहुंचे और संपूर्ण बाजार व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाएगी ताकि सभी त्योहार शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो सकें।

संपादन: न्यूज़ मोहल्ला डिजिटल डेस्क
 संपर्क: newsmohalla.india@gmail.com | फैजुद्दीन खान -  9301363785 / 7999357775
 www.newsmohalla.co.in