भोपाल, 4 अगस्त 2025:
आज सुबह इंडियन कॉफी हाउस (सातवीं वाहिनी) के सामने एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। मौके पर मौजूद सिविल वॉलंटियर शिवानी यादव और कृष्ण श्रीवास्तव ने तुरंत हालात की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
स्थिति को देखते हुए सिविल वॉलंटियर टीम ने देर न करते हुए मानवता की मिसाल पेश की। टीम के सदस्य लोकेश गोर और यशराज डांगी ने मौके पर तत्काल निर्णय लेते हुए घायल व्यक्ति को ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान अन्य दो जागरूक नागरिकों ने भी मदद की।
घटना के समय पुलिस थाना क्षेत्र के कुछ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने वॉलंटियर्स के इस तत्पर कदम की सराहना की।
टीम में शामिल राहुल वर्मा और सत्यम तिवारी ने बताया कि जनधन और जनजीवन की सुरक्षा ही उनका प्रमुख उद्देश्य है, और इसी सोच के साथ उनकी टीम हर वक्त जनसेवा के लिए तैयार रहती है।
सिविल वॉलंटियर टीम की तत्परता और जागरूकता की जितनी सराहना की जाए, कम है। यह घटना न सिर्फ प्रशासन के ढीले रवैये पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जब सरकारी सिस्टम असफल हो जाए, तो आम नागरिकों की जागरूकता और मानवता ही असली सहारा बनती है।