भोपाल (न्यूज़ मोहल्ला):
भोपाल की शाही औकाफ की मूतवल्ली और नवाब खानदान की वारिस सबा सुल्तान ने आज मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड मुख्यालय पहुंचकर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल से मुलाकात की।
इस दौरान दोनों के बीच वक्फ संपत्तियों के सुचारू संचालन, उनके संरक्षण और नए वक्फ बोर्ड बिल के लागू होने के बाद संपत्तियों को ‘उम्मीद पोर्टल’ पर दर्ज करने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई।
सबा सुल्तान ने कहा कि शाही औकाफ की संपत्तियां धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए उनके संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने वक्फ बोर्ड की उस पहल की सराहना की जिसके तहत राज्यभर की संपत्तियों का डेटा उम्मीद पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि
“वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और उनकी आय समाज के ज़रूरतमंदों तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। वाकिफ की मंशा के अनुरूप इन संपत्तियों का उपयोग समाज के उत्थान में किया जाएगा।”
बैठक में ‘मदीना रुबाद’ से जुड़े विषय पर भी अहम चर्चा हुई। सबा सुल्तान ने बताया कि आने वाले दिनों में हज यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मदीना रुबाद का लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने भी भरोसा दिलाया कि बोर्ड, शाही औकाफ जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर धार्मिक और समाजसेवी कार्यों को और मज़बूती देगा। उन्होंने कहा -
“यह बैठक वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और उनके सामाजिक उपयोग को लेकर एक सकारात्मक पहल है। इससे धार्मिक संस्थाओं के साथ-साथ समाज के ज़रूरतमंद तबके को सीधा लाभ मिलेगा।”
न्यूज़ मोहल्ला रिपोर्ट
- भोपाल ब्यूरो