न्यूज मोहल्ला/भोपाल

राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक का शव मंगलवार सुबह पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुमित लोधी (21) पुत्र प्रदीप लोधी निवासी दुर्गा नगर, लालघाटी के रूप में हुई है। सोमवार देर रात सुमित दुर्गा प्रतिमा स्थापना जुलूस में डांस कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को किसी अन्य युवक के साथ डांस करते देखा। इससे वह आहत हो गया।

जुलूस का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सुमित बच्चे को गोद में लेकर डांस करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रात करीब 10 बजे का है।

मंगलवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे पड़ोसियों ने सुमित को पेड़ पर फांसी पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।