भोपाल। राजधानी भोपाल में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म DailyHunt पर बनाए गए एक आपत्तिजनक आईडी को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में वरिष्ठ समाजसेवी शोएब हाशमी (BBM) और तारीख अहमद ने जानकारी देते हुए आपत्ति दर्ज कराई और विरोध जताया।
शिकायत के अनुसार, DailyHunt पर allah ka abba @54378 नाम से एक आईडी बनाई गई है, जिससे लगातार अनुचित और अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही थीं। इस संबंध में लिखित शिकायत भोपाल साइबर क्राइम शाखा में की गई है। शिकायत पत्र के साथ स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं।
इस घटना से मुस्लिम समाज में गहरी नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाती हैं और समाज में तनाव का कारण बन सकती हैं।
जनता की प्रतिक्रिया
“हमारी धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है, यह बर्दाश्त से बाहर है।” - स्थानीय निवासी
“सोशल मीडिया पर इस तरह की आईडी बनाकर माहौल खराब करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।” - मोहल्ले के बुज़ुर्ग
“हम चाहते हैं कि प्रशासन सख्ती दिखाए, ताकि कोई दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।” - क्षेत्रीय युवा
जनता का कहना है कि सोशल मीडिया विचार साझा करने का मंच है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर अपमानजनक सामग्री डालना न केवल कानून के खिलाफ है बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी हानिकारक है।
शिकायतकर्ताओं शोएब हाशमी और तारीख अहमद ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच कर कार्यवाही की जाए।