न्यूज मोहल्ला/मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में गरबा कार्यक्रम के दौरान एक युवक की पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
सूत्रों के अनुसार, बिहार निवासी हामिद रज़ा नामक युवक इंदौर में रहकर नौकरी करता है। वह शुक्रवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ एक गरबा कार्यक्रम में शामिल हुआ था, जो स्थानीय मीडिया समूह द्वारा आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों को जब उसकी पहचान पर संदेह हुआ, तो उन्होंने उसकी आईडी चेक की। मामला बढ़ने पर कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई और उसे खजराना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस का बयान:
इंदौर पुलिस के प्रवक्ता राजेश दंडोतिया ने बताया कि युवक पर पहचान छुपाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सोशल मीडिया पर चर्चा:
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक पहचान पर आधारित भेदभाव बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे जानबूझकर की गई गलत नीयत का मामला कह रहे हैं।
हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी भी संगठन के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है, न ही युवक के खिलाफ किसी बड़ी आपराधिक साजिश का सबूत मिला है।
न्यूज़ मोहल्ला का संपादकीय रुख:
किसी भी व्यक्ति को उसके धर्म या नाम के आधार पर निशाना बनाना क़ानून के ख़िलाफ़ है। यदि किसी ने पहचान छुपाकर कार्यक्रम में प्रवेश किया, तो इसकी जांच पुलिस का कार्य है, न कि भीड़ का।
इस मामले में पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और मारपीट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई आवश्यक है।
फ़ैज़ुद्दीन ख़ान, प्रधान संपादक – न्यूज़ मोहल्ला