न्यूज मोहल्ला हरदोई (यूपी)।
उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले से ऑनर किलिंग का सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहाँ सगे भाई ने अपनी बड़ी बहन की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने अपनी मर्ज़ी से शादी की थी।
जानकारी के मुताबिक, मृतका मानवी मिश्रा ने हरदोई के इंटर कॉलेज प्रिंसिपल अभिनव कटियार से प्रेम विवाह किया था। इस रिश्ते से नाराज़ उसका दिव्यांग भाई वीरू मिश्रा गुरुवार रात घर आया और सो रही बहन के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। मानवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत पहुँची और आरोपी भाई वीरू को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि इस साजिश में उनकी माँ की भी भूमिका रही। पुलिस ने दोनों- भाई और माँ- को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ऑनर किलिंग का बढ़ता साया
उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में ऑनर किलिंग की घटनाएँ रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अक्सर प्रेम विवाह करने वाले युवाओं को अपने ही घरवालों की प्रताड़ना और गुस्से का सामना करना पड़ता है। यह घटना भी उसी मानसिकता की ओर इशारा करती है, जिसमें सामाजिक दबाव और परंपरा के नाम पर मासूम जानें ली जाती हैं।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी हरदोई ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग का है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई और माँ दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।