मणिपुर के चुराचांदपुर में बवाल, पुलिस स्टेशन घेरने पहुंचे युवा
न्यूज मोहल्ला चुराचांदपुर (मणिपुर)
मणिपुर के चुराचांदपुर ज़िले में शनिवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब बड़ी संख्या में युवाओं ने अपने दो साथियों की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं और पुलिस बलों के बीच झड़प हुई और पथराव भी हुआ।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से पहले की गई तोड़फोड़ की घटनाओं के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं की रिहाई की मांग को लेकर स्थानीय युवक इकठ्ठा होकर पुलिस स्टेशन पहुंचे थे।
हंगामे के दौरान भीड़ और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व नारेबाज़ी हुई। स्थिति को काबू करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात अब नियंत्रण में हैं, लेकिन इलाक़े का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन हालात पर नज़र बनाए हुए है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।