भोपाल | न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो
राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में बोरी में मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह शव 64 वर्षीय सईद रशीदी का था, जिसकी हत्या उसके ही भरोसेमंद साथी अमीर उर्फ कबाब ने की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे रुपयों के लेनदेन का विवाद था। मृतक सईद, आरोपी अमीर से मकान निर्माण के लिए दिए गए अपने पैसों की मांग कर रहा था। रुपए लौटाने से बचने के लिए अमीर ने साजिश के तहत सईद को 17 अक्टूबर की शाम अपने घर बुलाया। दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने पहले सईद का सिर दीवार पर दे मारा और फिर गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद अमीर ने शव को कपड़ों में लपेटकर बोरे में बंद किया और अपने दोस्त बिट्टू नामदेव की मदद से ई-रिक्शा में रखकर पुष्पा नगर पतरा नाले में फेंक दिया। स्थानीय लोगों को जब नाले में बोरा दिखाई दिया तो सूचना पुलिस को दी गई।

अशोका गार्डन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और जांच शुरू की। कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमीर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बिट्टू नामदेव की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार,

 “आरोपी अमीर ने पैसों के विवाद में अपने पुराने साथी की हत्या की। मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।”