इंदौर। कनाडिया थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने भोपाल निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर उससे एम.डी ड्रग्स और एक लग्ज़री वाहन जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबान शकील (27), निवासी कोह-ए-फिज़ा, भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.15 ग्राम एम.डी ड्रग्स तथा एक महिंद्रा थार जब्त की है, जिसका उपयोग वह शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए करता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंदौर में सक्रिय तस्करी नेटवर्क से जुड़कर एम.डी जैसे प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे वाहन सहित पकड़ा।

बरामद एम.डी की अनुमानित कीमत करीब ₹65,000 बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और शुरुआती जांच में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस अब आरोपी के सप्लायर, नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे संभव हैं।