भोपाल, 6 अगस्त:
क्राइम ब्रांच भोपाल ने शहर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक का नाम अंकित कहार और दूसरे का नाम अमन दाहिया है। आरोपी अवैध हथियारों के जरिए किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

मुखबिर की सूचना से खुला राज

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ औबेदुल्लागंज के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे खड़ा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा, जिसकी पहचान अंकित कहार (33) निवासी औबेदुल्लागंज, रायसेन के रूप में हुई।

पूछताछ में अंकित ने कबूला कि उसने करीब तीन महीने पहले अंसुल उर्फ भूरी के माध्यम से अमन दाहिया से 25,000 रुपये में एक पिस्टल खरीदी थी। अमन ने उसे होटल में पिस्टल और कारतूस सौंपे थे। शुरुआत में आरोपी हथियार छुपाने की जगह के बारे में गलत जानकारी देता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने पिस्टल और कारतूस को भारत टॉकीज चौराहे के पास एक खंडहर मकान की छत पर छिपाकर रखा है।

क्राइम ब्रांच ने मौके पर जाकर वहां से पन्नी में लपेटी गई एक देशी पिस्टल और आरोपी के लोअर की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

आरोपी अमन दाहिया का आपराधिक रिकॉर्ड

दूसरा आरोपी अमन दाहिया (27), निवासी पंचशील नगर, भोपाल, पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उस पर थाना कमला नगर और रातीबड़ में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में दो मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, अमन नोएडा और दिल्ली से मादक पदार्थों की सप्लाई भी करता रहा है।

कानूनी कार्यवाही

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25(1-A) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

कमिश्नरेट की विशेष कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त श्री हरिनारायणाचारी मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, उपायुक्त अपराध श्री अखिल पटेल, और सहायक पुलिस आयुक्त श्री सुजीत तिवारी के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी अशोक मरावी और उनकी टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफलता में सउनि. सादिक खान, प्र.आर. मुकेश सिंह, प्र.आर. नारायण मीना, आर. प्रदीप सिंह और म.आर. मनीषा राठौर की विशेष भूमिका रही।