भोपाल/विदिशा | न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो

भोपाल-विदिशा हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यह घटना वीरा पेट्रोल पंप के सामने, बड़े गांव और भेरोखेड़ी के बीच घटित हुई, जहां एक तेज़ रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पति प्रदीप लोधी को मामूली चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुँचाया। दोनों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान वर्षा ने दम तोड़ दिया।

परिवारजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और "अज्ञात वाहन" के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि उनके पास वीडियो सबूत (Video Evidence) मौजूद है। परिवार के अनुसार, फुटेज में वाहन और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों का हुलिया साफ नजर आ रहा है, परंतु वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं दिख पा रहा है।

परिजन यह भी आरोप हैं कि हादसे के बाद आरोपियों ने वर्षा और उसके पति प्रदीप लोधी के मोबाइल फोन व वर्षा का बैग भी गायब कर दिया। परिवार का कहना है कि हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे और पास का पेट्रोल पंप इस घटना की सच्चाई सामने ला सकते हैं, बशर्ते पुलिस जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही तेज़ रफ्तार वाहनों और दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात हो चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

परिजनों की मांग:

परिवार ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने सही जांच की होती तो वर्षा की मौत के जिम्मेदार आज सलाखों के पीछे होते।