कुशीनगर, उत्तर प्रदेश:
कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 10 वर्षीय बालिका गुलफ्शा की मौत के बाद उसे दोबारा जिंदा करने के लालच में उसकी लाश को कब्र से निकाल लिया गया। इस मामले में पुलिस ने बच्ची की माँ, मौसी और दो तांत्रिकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गाँव की रहने वाली 10 वर्षीय गुलफ्शा की बीते दिनों बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने उसे इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार दफना दिया था। इसी बीच, बच्ची की माँ जुबैदा और उसकी बहन सुबयदा को एक तांत्रिक शगुनू खान ने झांसा दिया कि वह तंत्र-मंत्र से बच्ची को दोबारा जिंदा कर सकता है।
तांत्रिक के बहकावे में आकर जुबैदा और सुबयदा ने चुपके से कब्र खोदकर गुलफ्शा की लाश को बाहर निकाल लिया। जब बच्ची के पिता बिस्मिल्लाह अंसारी को कब्र से लाश गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और जल्दी ही मामले की तह तक पहुँच गई।
पुलिस ने बताया कि तांत्रिक शगुनू खान ने अपने सहयोगी मुबारिक के साथ मिलकर माँ-बेटी को यह यकीन दिलाया था कि वह बच्ची को जिंदा कर देगा। इसी अंधविश्वास में पड़कर परिवार ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
जुबैदा (माँ), सुबयदा (मौसी), तांत्रिक शगुनू खान और मुबारिक।
पुलीस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और यह अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले धोखे का एक बड़ा उदाहरण बन गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे तांत्रिकों के बहकावे में न आएँ और कानून को अपने हाथ में न लें।