लखनऊ, 5 सितम्बर | न्यूज़ मोहल्ला

शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लाखों शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में सीएम योगी ने घोषणा की कि अब प्रदेश के सभी शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।

इस योजना का लाभ न केवल बेसिक, माध्यमिक और राजकीय स्कूलों के शिक्षक उठाएंगे, बल्कि एडेड व निजी विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइये भी इसमें शामिल होंगे। सरकार का दावा है कि इस फैसले से लगभग 9 लाख से अधिक कर्मचारी सीधे लाभान्वित होंगे।

मानदेय बढ़ाने पर कमेटी

समारोह में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय को बढ़ाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी, ताकि लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस कदम उठाया जा सके।

पुरस्कार और सम्मान

इस मौके पर 81 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानाचार्यों को टैबलेट और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, संस्कार है: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में कहा-

 “शिक्षा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और भारतीय मूल्यों को जीवन में उतारने का साधन है। बाल वाटिकाओं से लेकर उच्च शिक्षा तक, हम भारतीय मूल्यों और महान पात्रों को प्राथमिकता देंगे।”



शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा

शिक्षक दिवस पर की गई यह घोषणा न सिर्फ़ शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल भी है। योगी सरकार के इस निर्णय से शिक्षा जगत में सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है।


फ़ैजुद्दीन ख़ान
प्रधान संपादक, न्यूज़ मोहल्ला