भोपाल।
राजधानी भोपाल स्थित शक्ति सदन (निर्भया महिला आश्रय गृह), प्रोफेसर कॉलोनी में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमामय और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया। इस विशेष आयोजन का आयोजन निर्भया फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम में निर्भया फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा राजगोपाल, सचिव श्रीमती रश्मि व्यास, डायरेक्टर समर खान एवं ट्रेज़रार श्रीमती मुब्सिरा मसूद विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके साथ ही श्यामला हिल्स थाना भोपाल से सब-इंस्पेक्टर श्री सतीष शर्मा, थाना स्टाफ, शक्ति सदन का स्टाफ तथा आश्रय गृह में निवासरत महिलाएं एवं युवतियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इसके बाद आश्रय गृह में रह रही महिलाओं और युवतियों द्वारा देशभक्ति गीत, राष्ट्रप्रेरित कविताएं एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. प्रतिभा राजगोपाल ने कहा कि
“शक्ति सदन केवल एक आश्रय गृह नहीं, बल्कि उन महिलाओं के लिए आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और नए जीवन की शुरुआत का केंद्र है, जिन्होंने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। हमारा उद्देश्य हर महिला को सुरक्षित, सशक्त और स्वावलंबी बनाना है।”
वहीं डायरेक्टर समर खान ने कहा कि
“यहां निवासरत हर महिला में अपार क्षमता है। हमारा प्रयास है कि उन्हें केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान किए जाएं।”
आश्रय गृह में निवासरत महिला पूजा ने भावुक शब्दों में कहा,
“शक्ति सदन हमारे लिए सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां हमें सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद मिली है, जिससे हम आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पा रहे हैं।”
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। यह आयोजन न केवल गणतंत्र दिवस के महत्व को दर्शाता है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।