गरियाबंद (छत्तीसगढ़), 10 अगस्त
कभी-कभी छोटी सी लापरवाही भी बड़ी खबर बन जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर 21 वर्षीय मनीष को अलॉट हो गया, और उसके फोन पर अचानक विराट कोहली, एबी डिविलियर्स जैसे क्रिकेट दिग्गजों की कॉल आने लगी।
मामला गरियाबंद जिले के माडागांव का है। बताया जाता है कि रजत पाटीदार ने 90 दिनों तक अपना मोबाइल नंबर रिचार्ज नहीं कराया। टेलीकॉम कंपनी की नीति के अनुसार, लंबे समय तक निष्क्रिय रहने पर नंबर बंद कर नया ग्राहक को दे दिया जाता है। यही नंबर 28 जून को मनीष ने जियो सिम के रूप में खरीदा।
सिम एक्टिवेट करने के बाद जब मनीष ने व्हाट्सऐप खोला, तो उसमें रजत पाटीदार की प्रोफाइल फोटो दिखाई दी। शुरुआत में मनीष ने इसे मजाक समझा, लेकिन कुछ ही दिनों में उसे अज्ञात नंबरों से कॉल आने लगीं, जिनमें खुद को विराट कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े खिलाड़ी बताने वाले लोग थे।
मनीष ने भी मजे में जवाब दिए, लेकिन 15 जुलाई को आई एक कॉल ने मामला गंभीर बना दिया। इस बार कॉल करने वाला खुद को रजत पाटीदार बता रहा था और सिम कार्ड वापस करने का अनुरोध कर रहा था। इसके बाद इस कहानी ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
यह घटना न केवल टेलीकॉम कंपनियों की नंबर पुनः आवंटन नीति की झलक दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि एक पुराना मोबाइल नंबर कैसे अप्रत्याशित घटनाओं की वजह बन सकता है।
रिपोर्ट: न्यूज मोहल्ला टीम