भोपाल। राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र के पंचशील नगर में 19 वर्षीय युवती रोशनी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मृतका के प्रेमी मोबिन को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रोशनी का निकाह कोहेफिजा थाना क्षेत्र के एक युवक से तय हुआ था और अक्टूबर में उसकी शादी होनी थी। इस बात से नाराज आरोपी प्रेमी मोबिन ने वारदात को अंजाम दिया।

एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि घटना रात करीब 3 बजे की है। आरोपी अपने पड़ोसियों की छत के सहारे युवती के कमरे तक पहुंचा और वहां चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी मोबिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मोबिन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।