इंदौर, न्यूज़ मोहल्ला
ट्रैफिक पुलिस के हवलदार और मशहूर ‘डांसिंग कॉप’ रंजीत सिंह पर एक महिला ने इंस्टाग्राम के ज़रिए गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि रंजीत ने उसे आपत्तिजनक मैसेज भेजे और मिलने के लिए फ्लाइट-होटल टिकट तक कराने का ऑफर दिया।

इस आरोप के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, रंजीत सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह उनकी छवि खराब करने और कुछ लोग चर्चा बटोरने के मकसद से इस तरह का ड्रामा कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रंजीत सिंह को फिलहाल लाइन अटैच कर दिया है। उधर, आरोप लगने के दो दिन बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

रंजीत सिंह सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज़ से ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने और सड़क पर डांस करते हुए ट्रैफिक मैनेज करने की वजह से पूरे देश में ‘डांसिंग कॉप’ के नाम से मशहूर हुए थे।

अब यह मामला जांच के अधीन है और पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई साफ हो पाएगी।