मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की समाजसेवी संस्था टीम BBM द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी रमज़ान के पावन अवसर पर समाजसेवा का कार्य किया गया। संस्था की ओर से 10 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आजीविका चला सकें।

टीम BBM के अध्यक्ष शोएब हाशमी ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से लगातार समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। हर साल रमज़ान के दौरान टीम BBM जरूरतमंद लोगों को सिलाई मशीनें और अन्य प्रकार के रोजगार के साधन उपलब्ध कराती है, जिससे वे स्वावलंबी बन सकें।

वहीं सदफ़ खान ने बताया कि वह महिलाओं को जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनका एक महिला संगठन भी है, जिसका नाम SBM है। यह संगठन महिलाओं के सशक्तिकरण और समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

टीम BBM पूरे वर्ष गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की पहचान करती है। ऐसे लोगों को खोजकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाता है, ताकि वे सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें। इसके साथ-साथ संस्था चिकित्सा क्षेत्र में भी लगातार सेवाएं प्रदान कर रही है।

टीम BBM की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।