न्यूज मोहल्ला/इंदौर, 22 सितंबर 2025:
इंदौर के वार्ड 60 के कोष्ठी मोहल्ले में सोमवार रात करीब 9 बजे एक पांच मंजिला पुरानी इमारत अचानक गिर गई। इस हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 9 लोगों को घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल भेजा गया है। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। दीवारों में बड़ी दरारें थीं और अक्सर प्लास्टर व मलबा गिरता रहता था। कई बार इसे खाली करने की बात भी उठी थी, लेकिन गंभीरता से नहीं लिया गया। सोमवार को दिनभर हुई तेज बारिश के कारण इमारत और कमजोर हो गई और रात में अचानक ढह गई।
घटनास्थल पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे और बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं। बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को निकालने के हर संभव प्रयास में जुटा हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए।
राहत कार्य अभी भी जारी है और घायल लोगों को अस्पताल में इलाज मुहैया कराया जा रहा है।