न्यूज मोहल्ला/लुधियाना (पंजाब):
एक मामूली से ₹150 के बिल को लेकर हुआ विवाद लुधियाना में खौफनाक वारदात में बदल गया। शहर के गिल रोड स्थित एक आहाटा (खाने-पीने का ढाबेनुमा स्थान) के मालिक अमित कुमार (38 वर्ष) को तीन नशे में धुत ग्राहकों ने गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैसे हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात तीन युवक आहाटे पर शराब पीने आए थे। बिल की राशि मात्र ₹150 बनी। जब मालिक अमित कुमार ने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने इनकार कर दिया। बात बढ़ी और बहस झगड़े में बदल गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो अमित कुमार के सीने में जा लगी।

मौके से फरार हुए आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी स्थानीय मजदूर नहीं बल्कि बाहर से आए श्रमिक हो सकते हैं, क्योंकि वे आपस में हिंदी में बात कर रहे थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अमित कुमार के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग गुस्से में हैं कि इतनी छोटी सी रकम के लिए हत्या हो गई।

पुलिस का बयान

थाना डिवीजन नं. 5 की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज़ी से की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

लेखन: फ़ैज़ुद्दीन ख़ान
प्रधान संपादक – न्यूज़ मोहल्ला