भोपाल, 24 अगस्त 2025।
थाना तलैया पुलिस ने गिन्नौरी ढलान स्थित संजीवनी अस्पताल के पास खड़ी कारों में आगजनी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 अगस्त 2025 की रात की है, जब फरियादी ओसामा अली (43), निवासी ढेरपुरा, कमला पार्क, तलैया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपी ने उनकी गाड़ी सहित अन्य वाहनों में आग लगा दी। इस मामले में थाना तलैया पुलिस ने अपराध क्रमांक 248/25 धारा 326 (F) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की थी।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक डहेरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। 24 अगस्त को सूचना मिली कि आरोपी वीआईपी रोड पर देखा गया है। पुलिस ने तस्दीक कर खानू गांव चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखे हुलिए से मेल खाता था।
पूछताछ में उसने अपना नाम बादशाह खान (30 वर्ष), निवासी खानू गांव, कोहफिजा, भोपाल बताया। आरोपी ने गाड़ियों में आग लगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी बादशाह खान पर पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
1. अपराध क्रमांक 427/2014, धारा 376(2)(एन), 506 भादवि एवं एससी-एसटी एक्ट, थाना बाबई, जिला नर्मदापुरम।
2. अपराध क्रमांक 26/2022, धारा 457, 380 भादवि, थाना बाबई, जिला नर्मदापुरम।
सराहनीय भूमिका
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक डहेरिया के साथ उपनिरीक्षक वाय.एस. मांझी, प्रआर 3645 पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक 986 धर्मेंद्र रघुवंशी, आरक्षक 2686 अतुल रैकवार, आरक्षक 2556 पवन तिवारी और आरक्षक 3280 विकास की सराहनीय भूमिका रही।