फरीदाबाद (न्यूज मोहल्ला )। सेक्टर-75 टेरा सोसायटी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर हरवीर (47) की गुमशुदगी मामले ने हत्या का रूप ले लिया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि हरवीर की हत्या उसकी पत्नी संगीता (39) और बेटे साहिल (22) ने मिलकर की।

जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई की रात पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर झगड़ा हुआ। हरवीर ने घर में करीब सात लाख रुपये रखे थे, जिन्हें पत्नी और बेटे ने खर्च कर दिया था। विवाद बढ़ने पर संगीता और साहिल ने मिलकर हरवीर की हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर अरावली की पहाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना के बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए संगीता ने बताया कि हरवीर विदेश चला गया है। इतना ही नहीं, 14 अगस्त को हरवीर के फोन से एक संदेश भेजा गया जिसमें लिखा था कि वह "बड़ी गलती" कर चुका है और शहर छोड़ रहा है।

पुलिस को मामले में संदेह हुआ और गहराई से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछने पर पत्नी और बेटे ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।