गुवाहाटी, 15 सितम्बर 2025।
रविवार को असम के उदलगुड़ी ज़िले में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की गहराई लगभग 5 किलोमीटर थी। इसके झटके इतने तेज़ थे कि पड़ोसी देश भूटान और उत्तर बंगाल तक महसूस किए गए।

घबराहट का माहौल, लेकिन बड़ा नुकसान नहीं

अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए और घबराहट का माहौल देखा गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने झटकों के दौरान के अनुभव साझा किए।

अस्पताल का वीडियो वायरल

नागांव ज़िले के एक अस्पताल का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहां की दीवारें भूकंप के दौरान हिलती दिखीं, लेकिन एनआईसीयू में मौजूद दो नर्सों ने हिम्मत और सतर्कता दिखाते हुए नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। दोनों ने अपनी ड्यूटी निभाई और सभी शिशु सुरक्षित रहे।

मामूली नुकसान और चोटें

कुछ घरों में दीवारों और छतों पर दरारें आने की खबर मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक जगह मकान का हिस्सा गिरने से दो लड़कियाँ हल्की-फुल्की रूप से घायल हुईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रशासन सतर्क

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थिति पर नज़र बनाए रखी है। राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। फ़िलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।