न्यूज मोहल्ला भोपाल।
ताजुल मसाजिद परिसर स्थित सैयद सुलेमान हाल में 18 सितम्बर को राज्य स्तरीय वक्फ सेमिनार आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने की।
सेमिनार में प्रदेशभर के बड़े वक्फों के जिम्मेदारान, जिला वक्फ समितियों के पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
डॉ. पटेल का उद्बोधन
डॉ. पटेल ने कहा कि वक्फ संशोधित अधिनियम-2025, उम्मीद सेंट्रल पोर्टल, पट्टा नियम और बोर्ड की शिक्षा नीति से वक्फ प्रबंधन को नई दिशा मिली है। उन्होंने छात्रवृत्तियों के वितरण, कृषि भूमि नीलामी से बढ़े राजस्व और शिक्षा क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को बोर्ड की बड़ी कामयाबी बताया। साथ ही जिम्मेदारों से अपील की कि वे कानून के दायरे में रहकर ईमानदारी से कार्य करें।
शिक्षा और वक्फ की जिम्मेदारी पर जोर
काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी और मुफ्ती-ए-शहर मुफ्ती अबुल कलाम कासमी ने शिक्षा की अहमियत और वक्फ की हिफाजत को बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए समाज को जागरूक करने की अपील की।
अहम चर्चाएँ और सम्मान
कार्यक्रम में पट्टा नियम, किराय गाइडलाइन, खातों का संचालन, कृषि भूमि नीलामी, कानूनी सहायता और धारा 54 से जुड़ी प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर कृषि भूमि नीलामी और छात्रवृत्ति वितरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिला वक्फ समितियों को सम्मानित भी किया गया।
शुरुआत से समापन तक
सेमिनार की शुरुआत कुरआन तिलावत से हुई। स्वागत उद्बोधन सीईओ डॉ. फरजाना गजाल ने दिया और संचालन आईटी सेल प्रभारी डॉ. अकमल यज़दानी ने किया। कार्यक्रम का समापन आभार और दुआ के साथ हुआ।