भोपाल। राजधानी के हनाईखेड़ा, वॉर्ड 62 क्षेत्र में स्थित वक्फ कब्रिस्तान पर कथित अवैध कब्ज़े और तोड़फोड़ के प्रयास को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) की भोपाल यूनिट ने वक्फ बोर्ड को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
APCR द्वारा चेयरमैन वक्फ बोर्ड को भेजे गए आवेदन में कहा गया है कि 18 सितंबर 2025, गुरुवार को कुछ कथित अराजक तत्वों ने कब्रिस्तान की भूमि पर कब्ज़ा जमाने और वहां मौजूद कब्रों को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। संगठन ने इसे गंभीर मामला बताते हुए वक्फ संपत्ति की रक्षा करने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि यदि विवादित भूमि खसरा क्रमांक 45, 44, 77, 110 वक्फ भूमि के तौर पर पंजीकृत है तो उसकी रिकॉर्ड प्रतियां सार्वजनिक की जाएं और कब्ज़ा रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। साथ ही, वक्फ बोर्ड से मांग की गई है कि ऐसे तत्वों को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए।
APCR भोपाल यूनिट के सदस्यों - अनवर पठान, जुबैर इलाही, डॉ. फजल खान, एडवोकेट अशरफ अली, मारूफ खान और इमरान अहमद - ने आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं।