भोपाल (न्यूज़ मोहल्ला):
राजधानी भोपाल के दिल में बसे नदीम रोड/लखेरापुरा महिला कपड़ा मार्केट में बीते सात दिनों में लगातार पांचवीं बार चोरी की वारदात ने व्यापारी वर्ग की नींद उड़ा दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह मार्केट थाना कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित है, फिर भी अब तक किसी ठोस कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर बार चोर सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद खुलेआम वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। रात्रि गश्त महज़ औपचारिकता बनकर रह गई है, और चोर मानो पुलिस को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

एक व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया -

“यहां हर तीसरे दिन कोई दुकान टूट जाती है, पुलिस आती है, लिखापढ़ी होती है, फिर सब शांत। अब तो हमें खुद पहरेदारी करनी पड़ रही है।”



गौरतलब है कि नदीम रोड/लखेरापुरा मार्केट भोपाल की सबसे पुरानी और व्यस्त महिला कपड़ा मंडियों में से एक है। यहाँ रोज़ाना सैकड़ों ग्राहक आते हैं, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

सवाल उठता है:

अगर राजधानी के केंद्र में, थाना के नजदीक ऐसी वारदातें रोकने में पुलिस नाकाम है, तो बाकी शहर की सुरक्षा का क्या भरोसा?

व्यापारी संघ ने मांग की है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, रात्रि पेट्रोलिंग को सख्त किया जाए और मार्केट में स्थायी चौकी की व्यवस्था की जाए, ताकि इस “खुली चुनौती” का जवाब दिया जा सके।