न्यूज मोहल्ला/टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश):
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय परिसर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। अस्पताल के मुख्य गेट के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु रोता हुआ मिला। राहगीरों ने जब बच्चे की आवाज़ सुनी तो तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।

अस्पताल के गार्ड सद्दाम खान मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय के वार्ड में भर्ती कराया। सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि बच्चे को इलाज के लिए नवजात गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) में भर्ती किया गया है। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो बाइक सवार पुरुष और एक महिला को नवजात को झाड़ियों में फेंकते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में इस मामले का खुलासा कर दिया।
टीकमगढ़ एसडीओपी राहुल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें नवजात की माँ भी शामिल है।
गिरफ्तार सभी आरोपी छतरपुर जिले के घुवारा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

निजी अस्पताल की भूमिका पर उठे सवाल

जांच में यह बात सामने आई है कि नवजात की डिलीवरी शहर के एक निजी नर्सिंग होम में कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, डिलीवरी के बाद ही बच्चे को जिला अस्पताल परिसर में फेंका गया।
एसडीओपी राहुल ने बताया कि मेडिकल नियमों के अनुसार, किसी नाबालिग की डिलीवरी होने पर निजी अस्पताल को तुरंत पुलिस और एसडीएम को सूचना देना आवश्यक है।

हालांकि, जिस नर्सिंग होम में यह डिलीवरी हुई, उसकी संचालक डॉ. मांडवी साहू ने इस आरोप से इंकार किया है। उनका कहना है कि “वह महिला केवल जांच के लिए आई थी, डिलीवरी हमारे अस्पताल में नहीं हुई।”

सूत्रों के मुताबिक, उक्त नर्सिंग होम का लाइसेंस पहले भी कई बार निरस्त किया जा चुका है, जिससे इस पूरे मामले में उसकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।

फिलहाल जांच जारी

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश में है कि आखिर नवजात को फेंकने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
अस्पताल प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है।

वहीं, जिला प्रशासन ने भी इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

(न्यूज़ मोहल्ला ब्यूरो, टीकमगढ़)

प्रकाशन तिथि: 9 अक्टूबर 2025
📞 संपर्क: newsmohalla.india@gmail.com | www.newsmohalla.co.in