तेज़ बारिश में कालकाजी का हादसा: नीम के पेड़ की चपेट में आए पिता-पुत्री, पिता की मौत – बेटी घायल

नई दिल्ली।
राजधानी में गुरुवार सुबह हुई तेज़ बारिश और आंधी ने बड़ा हादसा करा दिया। दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके के हंसराज सेठी मार्ग (ए ब्लॉक, पारस चौक के पास) पर एक पुराना नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री उसकी चपेट में आ गए।

घटना सुबह करीब 8:15 बजे की है।

 मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुधीर कुमार के रूप में हुई है, जो अपनी 12 वर्षीय बेटी प्रिया को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। अचानक गिरे पेड़ की चपेट में आकर सुधीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पेड़ गिरने से सड़क पर खड़ी एक कार भी बुरी तरह दब गई, लेकिन गनीमत रही कि उसमें बैठे लोग सुरक्षित रहे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुँचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। राहत और बचाव कार्य जारी है और सड़क से पेड़ हटाने का काम किया जा रहा है।

इस घटना के बाद इलाके के लोग बेहद गुस्से में हैं। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय निकाय को पुराने और कमजोर पेड़ों की शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, 

दिल्ली में गुरुवार सुबह 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएँ चलीं और कई जगह तेज़ बारिश हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून में ऐसे जर्जर और कमजोर पेड़ों की नियमित जांच और देखभाल न होने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएँ सामने आती रहती हैं।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर राजधानी में पुराने पेड़ों की देखरेख के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेगा।