भोपाल, 4 जून 2025:
ईद-उल-अज़हा के अवसर पर भोपाल में “Cleanliness Award 2.0” अभियान का भव्य आगाज़ हो गया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब यह अनोखी पहल न केवल धार्मिक उत्सव को, बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारी को भी एक नई दिशा दे रही है।

इस पहल ने एक बार फिर पूरे शहरवासियों को स्वच्छता, सामूहिक सहभागिता और नागरिक चेतना से जोड़ने का अभूतपूर्व कार्य किया है।

"हम और आप मिलकर बना रहे हैं, स्वच्छता को उत्सव का हिस्सा"

इस वर्ष भी बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, युवा समूह और ज़िम्मेदार नागरिक इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
ईद से पूर्व ही रजिस्ट्रेशन, कॉल्स और वॉट्सऐप माध्यमों से लोगों ने अपने मोहल्लों की सफाई हेतु भागीदारी जताई है।
सभी भोपाल शहरवासी अपने वार्ड की सफाई करते हुए वीडियो साझा कर रहे हैं, जिन्हें अभियान के दस्तावेज़ीकरण और मूल्यांकन में शामिल किया जा रहा है।

"सम्मान की परंपरा कायम, सम्मान अच्छा काम करने की प्रेरणा है"

“Cleanliness Award 2.0” के तहत इस बार भी सबसे स्वच्छ वार्ड और प्रेरणादायक नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय नेतृत्व और सामुदायिक चेतना को भी प्रोत्साहित करेगा।

जो साथी इस सामाजिक कार्यक्रम में सामाजिक अगुवाई कर रहे हैं:-

इस पहल का संयोजन समाजसेवी सैय्यद फैज़, गुलरेज़ खान, मौलवी मारूफ, फैज़उद्दीन, शोएब हाशमी, मुदस्सिर खान और सलाउद्दीन ईमरान उज़ जमा, कर रहे हैं।

इन्होंने इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए, इसे सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक ज़िम्मेदारी बना दिया है।

सामाजिक कार्यकर्ता सैय्यद फैज़ ने इस अवसर पर कहा, “त्योहार सिर्फ़ जश्न का नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी निभाने का भी अवसर होता है।

Cleanliness Award 2.0 के माध्यम से हम ईद उल अज़हा को स्वच्छता और तहज़ीब की  इबारत में तब्दील कर रहे हैं।

"भोपाल तहज़ीब और जागरूकता की मिसाल"

यह अभियान भोपाल की उस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाता है, जहाँ ईद-उल-अज़हा, कुर्बानी और स्वच्छता एक साथ मिलकर समाज को नयी दिशा देते हैं, यह एक ऐसा प्रयास है जो धार्मिक पर्वों को सामाजिक सुधार का माध्यम बना रहा है।

यदि आप भी इस अभियान का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो अपने मोहल्ले की सफाई करते हुए वीडियो भेजें, और भोपाल को स्वच्छता और तहज़ीब का आदर्श शहर बनाने में अपना योगदान दें।