न्यूज मोहल्ला/भोपाल। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा 10 मार्च 2026 को बोर्ड कार्यालय परिसर में भव्य रोज़ा इफ्तार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने शिरकत कर आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने की। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए वक्फ संस्थाओं के जिम्मेदारान, जिला वक्फ कमेटियों के पदाधिकारी, इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

इफ्तार से पहले प्रदेश के उन इमाम और मोअज्जिनों को, जिन्हें वक्फ बोर्ड की ओर से नजराना दिया जाता है, रोज़ा से संबंधित आवश्यक सामग्री की राशन किट भी वितरित की गई। यह किट बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल की अध्यक्षता में जमाल सिद्दीकी और मुफ्ती-ए-शहर मुफ्ती अबुल कलाम कासमी के हाथों प्रदान की गई।

अपने संबोधन में डॉ. सनवर पटेल ने वक्फ बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत उल्लेख करते हुए कहा कि वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और उनका पारदर्शी प्रबंधन हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नए वक्फ कानून के दायरे में रहते हुए वक्फ संपत्तियों की रक्षा करना आवश्यक है और वक्फ से प्राप्त आमदनी का उपयोग वाकिफ की मंशा के अनुसार गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने वक्फ माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी बात कही।

वहीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान बोर्ड द्वारा चलाई जा रही योजनाएं देश के अन्य वक्फ बोर्डों के लिए भी एक आदर्श बन रही हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड की कई योजनाओं को देश के अन्य राज्यों में भी लागू कराया गया है। अपने भोपाल दौरे के दौरान उन्होंने एशिया की सबसे बड़ी ऐतिहासिक भोपाल ईदगाह का भी भ्रमण किया और इसकी भव्यता तथा यहां की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।

मुफ्ती-ए-शहर मुफ्ती अबुल कलाम कासमी ने भी डॉ. सनवर पटेल के नेतृत्व में वक्फ बोर्ड द्वारा किए जा रहे नवाचारों और जनहितकारी कार्यों की खुलकर प्रशंसा की।

रोज़ा इफ्तार समारोह की शुरुआत नायब काजी-ए-शहर की दुआ से हुई। कार्यक्रम में काजी-ए-शहर इंदौर इशरत अली, महेंद्र शर्मा, फादर आनंद, भंते शाक्य सागर, प्रोफेसर मनोज जैन और गुरु चरण अरोड़ा सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा जिला भोपाल अध्यक्ष रविंद्र यति, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष रायसिंह मेवाड़ा, वरिष्ठ पार्षद मनोज राठौर, भाजपा नेता नवल प्रजापति, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री जावेद अख्तर, जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष इरशाद अंसारी सहित प्रदेश भर से आए कई पदाधिकारी और अतिथि भी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड, औकाफ-ए-आम्मा, मसाजिद कमेटी, हज कमेटी और उर्दू अकादमी के अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी रही। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए मेहमानों की सहभागिता के साथ यह रोज़ा इफ्तार समारोह सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।