भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित कोरल वुड्स कॉलोनी में बुजुर्गों के सम्मान और जीवन-ज्ञान को समर्पित एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री नीरज सक्सेना और प्राची सक्सेना द्वारा संचालित म्यूजिक ग्रुप की पहल पर 20 दिसंबर को आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वरिष्ठजनों के सम्मान, उनके अनुभव और उनके आशीर्वचनों के महत्व को उजागर करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गों के सम्मान में संदेश के साथ हुई, जिसमें यह बताया गया कि बुजुर्ग केवल ज्ञान के मार्गदर्शक ही नहीं, बल्कि अपने जीवनभर के अनुभवों और स्नेह से समाज की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सभी आयु वर्ग के कलाकारों ने मंच पर अपनी मधुर प्रस्तुतियों से माहौल को आनंदमय और खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर सोसायटी के निवासीगण तथा अन्य अतिथियों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को यादगार बनाया। आयोजन के दौरान कॉलोनी के स्वर्गीय परिवारजनों को भी भावपूर्ण स्मरण किया गया। विशेष रूप से, स्वर्गीय श्रीमती शशि चौबे की यादों को जीवंत रखने के लिए सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिन्ह स्वर्गीय परिवार के सदस्य श्री महेश चौबे द्वारा प्रदान किए गए।
मनोरंजन, सम्मान और भावनाओं से भरी यह संगीत-संध्या न केवल समाज के बुजुर्गों के प्रति आदर का संदेश देती है, बल्कि सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।